कहा: आप प्रत्याशी ने प्रचंड बहुमत से दर्ज की जीत
पंचकूला ( अजीत झा ) : आम आदमी पार्टी हरियाणा ने दिल्ली नगर निगम में अपनी पार्टी की मेयर पद के लिए हुई भारी जीत पर खुशी जताई है। पार्टी ने कहा कि आखिरकार दिल्ली महानगर निगम में महापौर पद के चुनाव में सत्य की जीत हुई है और भाजपा सहित उन लोगों को मुंहतोड़ जवाब मिला है, जिन्होंने लोकतंत्र का गला दबाने का प्रयास किया था।
आज यहां जारी बयान में पार्टी के वरिष्ठ नेता योगेश शर्मा ने कहा कि दिल्ली नगर निगम में महापौर के पद के लिए आज हुए चुनाव में जहां आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार को 150 मत पड़े वही भाजपा प्रत्याशी को 116 वोट मिले। ऐसे में आप ने प्रचंड बहुमत के साथ अपना महापौर बनाया है। इसके लिए पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल व उनके मंत्रिमंडल के तमाम मंत्री तथा पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की कारगर रणनीति बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि देश में कहीं भी छोटे से छोटा या बड़े से बड़ा चुनाव हो, भाजपा कि यह हमेशा कोशिश रहती है कि उसके पास बेशक बहुमत ना हो मगर वह सत्ता में काबिज हो जाए। क्योंकि वह अपने विरोधी दलों को बहुमत होने के बावजूद सत्ता में नहीं देखना चाहती। इसके लिए वह सभी हथकंडे अपनाती है। उन्होंने कहा कि भाजपा अपने विरोधियों के नेताओं को लालच अथवा धमकी देकर तोड़ने का काम करती है ताकि वह सत्ता पर काबिज हो सके। जिसमें वह कई बार कामयाब भी हुई है। कई राज्यों की बनी बनाई सरकारें भी उसने इसी के चलते तोड़ी हैं और अपनी सरकार बनाई है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने दिल्ली नगर निगम चुनाव में भी यही प्रयास किया कि किसी तरह से उसका 15 साल पुराना कब्जा नगर निगम में बरकरार रहे,हालांकि प्रदेश की जनता ने उन्हें बहुमत से काफी दूर रखा था।
आप के वरिष्ठ नेता योगेश्वर शर्मा ने आगे कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने एलजी के माध्यम से नगर निगम में सत्ता पर कब्जा करने का प्रयास किया था। उन्होंने मनोनीत पार्षदों को वोटिंग का हक देकर भाजपा को बहुमत के करीब लाने की कोशिश की थी। जिसे आम आदमी पार्टी ने सर्वोच्च न्यायालय में चुनौती दी थी। देश के सर्वोच्च न्यायालय ने भाजपा की सारी योजना पर पानी फेरते हुए जनहित में फैसला देकर लोकतंत्र की रक्षा की। उन्होंने कहा कि अब नगर निगम में आम आदमी पार्टी जनता से किए अपने वायदो को पूरा करने के लिए अपने तन मन से जोर लगाएगी ताकि लोगों को ज्यादा से ज्यादा लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी का यही प्रयास रहता है कि लोगों को ज्यादा से ज्यादा जन सुविधाओं का लाभ मिले ।
0 Comments